बॉलीवुड अभिनेत्री व सांसद कंगना रनौत नई फिल्म इमरजेंसी को लेकर पंजाब के सोशल मीडिया एक्टिविस्ट ने फिल्म की पूरी स्टार कास्ट को कानूनी नोटिस भेजा है। वहीं, उन्होंने फिल्म की रिलीज पर रोक की मांग की है।
बॉलीवुड अभिनेत्री व हिमाचल के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत की आने वाली नई फिल्म इमरजेंसी का पंजाब में विरोध बढ़ता जा रहा है। फिल्म में सिखों की भावनाओं को आहत करने का आरोप लग रहे हैं। यह फिल्म छह सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
विज्ञापन
फिल्म में सिख भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ के सोशल मीडिया एक्टिविस्ट अमनदीप सिंह कलसी ने एडवोकेट गुरमिंदर सिंह सलाणा और केएस सिद्धू के माध्यम से फिल्म की पूरी कास्ट को कानूनी नोटिस भेजा है।
अमनदीप सिंह कलसी ने बताया कि इमरजेंसी फिल्म के ट्रेलर रिलीज होने से सिखों की भावनाओं को आहत किया गया है। इससे सिखों में काफी गुस्सा है और कई जगहों पर इस फिल्म के रिलीज होने से देश में कानून व्यवस्था और शांति भंग हो सकती है। शिकायतकर्ता अमनदीप सिंह कलसी ने एक नोटिस केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण को भी भेजा है। नोटिस में उन्होंने फिल्म इमरजेंसी से सिख समुदाय आहत होने की बात कही है।
विज्ञापन
एडवोकेट गुरमिंदर सिंह सलाणा, एडवोकेट केएस सिद्धू की शिकायत के अनुसार कुछ निजी चैनलों ने सिखों के चरित्र को बदनाम करने की कोशिश की है। उक्त चैनल को प्रसारण चैनलों से फिल्म के ट्रेलर को हटाने की भी चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने फिल्म पर आपत्ति जताते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष पारसन जोशी को अलग-अलग पत्र लिखें हैं। फिल्म को छह सितंबर को रिलीज न करने की मांग की है। वहीं फिल्म से आपत्तिजनक दृश्यों को हटाने के बाद ही रिलीज करने की अनुमति देने की अपील की है।