पंजाब पुलिस के अधिकारी बेशक चंडीगढ़ में बैठ नशे के खिलाफ बड़ी बड़ी मुहिम चलाने के दावे कर रहे हैं, पर जमीनी स्तर पर सच कुछ ओर है। बठिंडा में चिट्टा तस्कर जगमीत सिंह भरी अदालत से हथकड़ी समेत गुरुवार को फरार हो गया था। पुलिस ने उसे आधे घंटे में पकड़ तो लिया लेकिन उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। न ही इस मामले को एसएसपी जे इलेनझेलियन के ध्यान में लाया गया। अमर उजाला के खुलासे के बाद एसएसपी ने दावा किया कि वे इस मामले में कार्रवाई करेंगे।
जानकारी के अनुसार बठिंडा के नारकोटिक्स सेल पुलिस द्वारा जगमीत सिंह निवासी महमा को दस ग्राम चिट्टे समेत बीते दिनों गिरफ्तार किया गया था। नारकोटिक्स सेल के एएसआई गुरमुख सिंह और कांस्टेबल गुरप्यार सिंह गुरुवार को उसे अदालत में पेश करने पहुंचे। जहां पर आरोपी तस्कर दोनों पुलिस कर्मियों को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हो गया था। पुलिस ने आधे घंटे में आरोपी को रजिंदरा कालेज के पास से पकड़ लिया था, लेकिन इस पूरे मामल को पुलिस के बडे़ अधिकारियों से छिपा लिया गया। आरोपी को पकड़ कर पुलिस सिविल लाइन थाने में भी ले गई लेकिन वहां भी आरोपी के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया गया।
मामले को अपने स्तर पर दबा दिया गया
नारकोटिक्स सेल और थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के बाद अपने ही स्तर पर मामले को दबा दिया। जबकि कानून अनुसार आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया जाना था और ड्यूटी में कोताही करने वाले एएसआई गुरमुख सिंह और कांस्टेबल गुरप्यार सिंह के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस के बडे़ अधिकारियों को लिखा जाना था।
नारकोटिक्स सेल के सब इंस्पेक्टर दलजीत सिंह ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि आरोपी जगमीत भागा जरूर था लेकिन पुलिस ने उसे अदालत से कुछ दूरी पर पकड़ लिया था। थाना सिविल लाइन के एसएचओ इंस्पेक्टर हरविंदर सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस द्वारा आरोपी तस्कर के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया गया।
एसएसपी जे इलेनझेलियन से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनके ध्यान में यह मामला नहीं था। लेकिन अब उनके ध्यान में आ चुका है। वे आरोपी समेत ड्यूटी में कोताही करने वाले पुलिस कर्मियों पर कारवाई करेगें।
आरोपी पर पहले भी दर्ज गंभीर मामला
सूत्रों से जानकारी मिली है कि आरोपी तस्करी जगमीत सिंह के खिलाफ पहले भी थाना सिविल लाइन में गंभीर क्राइम करने का केस दर्ज है। इस बारे में पुलिस के अधिकारी कुछ भी बताने से बचते रहे।