पठानकोट में भारत-पाक सीमा पर स्थित बीएसएफ की पोस्ट पहाड़ीपुर और ताश के बीच मंगलवार देर रात पाकिस्तान की तरफ से आए ड्रोन की घुसपैठ जवानों ने देखी। जेएंडके में हुए आतंकी हमलों के बाद पाकिस्तान आतंकी या फिर तस्कर पठानकोट में किसी बड़ी वारदात की साजिश तो नहीं रच रहे। पाकिस्तान लगातार पठानकोट सीमांत क्षेत्र में अपनी साजिशें को अंजाम दे रहा है, क्योंकि दो दिन पहले बॉर्डर के साथ बहते तरनाह नाले से पाकिस्तान की ओर से आई एक नाव बीएसएफ जवानों ने बरामद की है और अब सीमा पार से ड्रोन भेजने की कोशिश भी हुई है।
सूत्रों की माने तो बीएसएफ जवानों ने करीब 6 राउंड फायरिंग की है और ड्रोन वापिस पाकिस्तान की तरफ चला गया है। इसके बाद बुधवार सुबह से बॉर्डर एरिया में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर है और बड़े स्तर पर सर्च की जा रही है। हालांकि किसी भी तरह की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
पाकिस्तानी तस्कर या आतंकी त्योहारी सीजन पर बॉर्डर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों को बढ़ा रहे हैं। डीएसपी रूरल मनिंदर थापर, थाना नरोट जैमल सिंह की पुलिस, बीएसएफ और घातक कमांडो ने बॉर्डर एरिया का करीब 3 किलोमीटर क्षेत्र का चप्पा-चप्पा खंगाला है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 10 बजे के बाद बीएसएफ की चेक पोस्ट पहाड़ीपुर और ताश पतन के बीच जवानों ने उज्ज दरिया के साथ पाकिस्तान से भारत में ड्रोन की घुसपैठ की मूवमेंट देखी। सूत्रों के माने तो बीएसएफ जवानों ने ड्रोन को देखते ही कई राउंड फायरिंग करने के बाद इलू बम दागा। बीएसएफ की कार्रवाई देखते हुए तस्करों ने ड्रोन की मूवमेंट को पाकिस्तान तरफ कर दिया। पुलिस के उच्च अधिकारियों ने सेकेंड लाइन ऑफ डिफेंस पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को हाई अलर्ट जारी कर दिया है। ड्रोन वाली जगह उज्ज व रावि दरिया निकट है।
देखा जाए कि दरिया में पानी की मात्रा कम होने से आसानी से तस्कर और आतंकी अपने मनसूबों को कामयाब बना सकते हैं। रूरल डीएसपी मनिंदर थापर ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां बारीकी से जांच कर रही हैं और सर्च जारी है। वहीं, सूत्र यह भी बताते है कि पहले कई बार ड्रोन की मूवमेंट बार्डर क्षेत्र में कुछ दिनों से देखी जा चुकी है और यह सब क्षेत्र नशे को बढ़ावा देने के लिए तस्कर हरकतें कर रहे हैं। पठानकोट के बॉर्डर एरिया के 6 सितंबर को गांव भगवाल, 24 सितंबर को गांव बाड़मा, 2 व 3 अक्टूबर को गांव नकिया में लोगों ने ड्रोन की मूवमेंट देखने के बाद पुलिस को भी सूचित किया।