पठानकोट में सर्च अभियान चलाते बीएसएफ के जवान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
पठानकोट में भारत-पाक सीमा से सटे बमियाल सेक्टर के डींडा फारवर्ड पोस्ट के पास पाकिस्तान ने ड्रोन घुसपैठ की कोशिश की। शनिवार देर रात 2 बार यह कोशिश की गई। डींडा पोस्ट पर बीएसएफ की 121 बटालियन के जवानों ने ड्रोन एक्टिविटी देखी। इसके बाद बीएसएफ जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्रोन पर फायरिंग की।
बताया जा रहा है कि जवानों की ओर से करीब 19-20 राउंड फायरिंग की गई। अधिकारियों का कहना है कि शनिवार देर रात 12:15 बजे पिलर नंबर 4 एवं पिलर नंबर 5 के बीच पाकिस्तानी ड्रोन की एक्टिविटी दिखी थी। ड्रोन भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहा था। इस पर बीएसएफ जवानों की ओर से फायरिंग कर दी गई थी।
देर रात 12:40 पर एक बार फिर ड्रोन की एक्टिविटी देखी गई। इस बार भी 2 मिनट तक बीएसएफ की ओर से ड्रोन को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। इसके बाद ड्रोन की आवाज बंद हो गई। क्षेत्र में पुलिस और बीएसएफ की ओर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। सुबह तड़के से बीएसएफ और पंजाब पुलिस की टुकड़ी सर्च ऑपरेशन में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक अभी तक कोई रिकवरी नहीं हो पाई है।