कौस्तुभ शर्मा ने बताया कि पांच दिसंबर को खन्ना पुलिस ने महेंद्र वर्मा डीके व रमेश चौहान को दो पिस्टल समेत दबोचा था। दोनों शूटरों ने पूछताछ में बताया कि इनके अमेरिका में बैठे गैंगस्टर अमृत बल उर्फ लाडी से संबंध हैं। अमृत बल जग्गू भगवानपुरिया का साथी है और गोल्डी बराड़ के साथ भी उसके संबंध हैं।
नवंबर 2022 में अमृत बल और जग्गू भगवानपुरिया के कहने पर डीके और चौहान यमुनानगर में मिले थे। उन्होंने टारगेट किलिंग करनी थी लेकिन वे सफल नहीं हो सके थे। अमृत बल और परगट को विदेश से लाने की प्रक्रिया जारी है। इसके लिए रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया जाएगा।
निशाने पर थे तीन नेता और व्यापारी
आईजी ने बताया कि पुलिस ने अमृत बल की महिला साथी अमृतसर निवासी दलजीत कौर को भी गिरफ्तार किया है। वह लंबे समय से उसके साथ जुड़ी हुई थी। अमेरिका में बैठा गैंगस्टर अमृत बल ने गोल्डी बराड़ की तर्ज पर विदेश में बैठकर गैंग बना लिया था। इसमें 17 से 18 साल के युवकों को जोड़कर फिरौती और टारगेट किलिंग जैसी वारदातों को अंजाम देता था।
बताया जा रहा है कि गैंग में पंजाब पुलिस का कर्मी, एक फौजी भी शामिल है। गिरोह के निशाने पर पंजाब के तीन बड़े राजनेता और व्यापारी निशाने पर थे। विदेश में बैठे गैंगस्टर अमृत बल के कहने पर पंजाब में बदमाश हरसिमरत सिंह सिम्मा काम देख रहा था। वह बदमाशों में गैंग में शामिल करता था।