चरित्र पर संदेह के चलते गिद्दड़बाहा में युवक ने लोहेनुमा हथियार से सिर पर वार करके पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार है। थाना गिद्दड़बाहा पुलिस ने वारदात स्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया है। वहीं आरोपी पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतका के पिता संदीप कुमार निवासी धनौला ने बताया कि उसकी बेटी हरप्रीत कौर (30) की छह वर्ष पहले इंद्रजीत सिंह उर्फ इंदू निवासी मलोट हाल आबाद गिद्दड़बाहा के साथ हुई थी। दामाद इंद्रजीत सिंह हरप्रीत के चरित्र पर शक करता था और इस वजह से उसके साथ अक्सर मारपीट किया करता था। मंगलवार को उसकी बेटी हरप्रीत ने फोन करके बताया कि उसका पति इंद्रजीत सिंह उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर रहा है। इसके तुरंत पश्चात वे अपने दोस्त जगसीर सिंह के साथ गिद्दड़बाहा स्थित हरप्रीत कौर के घर पहुंचा तो उसका दामाद इंद्रजीत सिंह हरप्रीत कौर से मारपीट कर रहा था। इस दौरान इंद्रजीत सिंह ने लोहे की किसी चीज से हरप्रीत कौर के सिर व बाजू पर तीन जोरदार वार किए जिससे हरप्रीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई। इंद्रजीत सिंह मौके से फरार हो गया।
थाना गिद्दड़बाहा के प्रभारी इंस्पेक्टर परमजीत कुमार कंबोज ने बताया कि इस मामले में मृतका के पिता सुनील कुमार के बयान पर आरोपी इंद्रजीत सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।