बुधवार सुबह जलालाबाद पुलिस को नहर किनारे से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान गांव बाहमनी निवासी गुरशरण सिंह के रूप में हुई है, जिसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर एक व्यक्ति को पकड़ा तो हत्या का खुलासा हो गया।
जलालाबाद के गांव बाहमनी वाला में मामूली कहासुनी को लेकर जिस संचालक ने दोस्त की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि धारदार हथियार से सिर और गले पर वार किए गए, जिससे युवक की मौत हो गई। आरोपी स्कूटी पर शव को रखकर नहर किनारे फेंक आया।
विज्ञापन
मृतक गुरशरण सिंह के भाई हरदयाल सिंह ने बताया कि उसका भाई शादीशुदा था और तीन छोटे बच्चों का पिता था। उसकी पत्नी घरेलू विवाद के चलते छह महीने से अपने मायके में रह रही है। उन्होंने बताया कि उसका भाई गांव में दुकान चलाता था।
पड़ोस में जिम सेंटर चलाने वाले व्यक्ति के साथ उसकी दोस्ती थी, लेकिन दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद जिम संचालक ने बहुत ही शातिराना तरीके से उसके भाई को पहले जिम में बुलाया और फिर बेरहमी से धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। हत्या को छुपाने के लिए उसने उसके भाई के शव को गांव के पास नहर किनारे फेंक दिया।
विज्ञापन
डीएसपी जलालाबाद जितेंद्र सिंह गिल का कहना है कि मृतक गुरशरण सिंह और उसकी हत्या करने वाला आरोपी जिम संचालक दोनों ही नशा करने के आदी थे। पुलिस ने 12 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ दौरान बताया कि मृतक ने उसकी बहन के बारे में अपशब्द बोले जिसके बाद उसे गुस्सा आया और उसने इस घटना को अंजाम दिया।
घटना को अंजाम देने से पहले आरोपी द्वारा धारदार हथियार की धार भी तेज की गई। जिसके बाद गुरशरण को अपने जिम में बुला उसकी हत्या कर दी और मृतक के शव को स्कूटी पर रख नहर किनारे फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी जिम संचालक को काबू कर लिया है।