बठिंडा जिले के रामपुरा सिटी में शनिवार सुबह सैर कर रहे आढ़ती पुरुषोत्तम लाल के सिर पर वार कर लुटेरे उसकी क्रेटा कार की चाबी छीनने के बाद कार लूटकर फरार हो गए। मामले की सूचना मिलने के बाद रामपुरा फूल के डीएसपी आशवंत सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार रामपुरा निवासी आढ़ती पुरुषोत्तम लाल रोजाना की तरह रॉयल कॉलोनी स्थित अपने घर के पास सैर कर रहे थे। कॉलोनी के गार्ड रूम में पहले से छिपकर बैठे चार लुटेरों ने आढ़ती के सिर पर वारकर उसे घायल कर दिया और कार की चाबी छीनने के बाद कार लेकर फरार हो गए।
लुटेरे जब कार लूटकर फरार हो रहे थे तो वो कॉलोनी के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। इस घटना के बाद कॉलोनी में दहशत फैल गई और सभी लोग एकत्र हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे रामपुरा फूल के डीएसपी आशवंत सिंह ने पीड़ित आढ़ती पुरुषोत्तम लाल के बयान दर्ज किए और जांच शुरू की।
एसएसपी जे इलेनचेलियन का कहना है कि पुलिस को पीड़ित के ड्राइवर पर संदेह है। पुलिस ड्राइवर को ढूंढ रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही लुटेरों तक पहुंच जाएगी।
मंडी के आढ़ती और लोगों ने डीएसपी कार्यालय के सामने दिया धरना
मौड़ मंडी में आढ़ती विजय कुमार से हुई पांच लाख की लूट के मामले में शनिवार को मंडी के आढ़ती और लोगों ने डीएसपी कार्यालय के पास धरना लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द लुटेरों को पकड़ लिया जाएगा। इसके बाद लोगों ने धरना खत्म कर दिया।
पीड़ित विजय कुमार ने बताया कि मौड़ मंडी की अनाज मंडी में उसके घर के बीच ही आढ़ती की दुकान है। शुक्रवार को सुबह करीब सात बजे जब वह दुकान खोलकर साफ सफाई कर रहा था तो कार सवार दो लुटेरे आए और हथियार दिखाकर दुकान के अंदर पेटी में रखे पांच लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि जब पिता ने लुटेरों को पीछे से पकड़ने का प्रयास किया तो लुटेरों ने उसके पिता को धक्का मारकर जमीन पर गिरा दिया था। जिस कारण उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका उपचार बठिंडा शहर के निजी अस्पताल में चल रहा है।
पीड़ित आढ़ती विजय ने बताया कि पुलिस घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपियों को नहीं पकड़ पाई है। जिस कारण दुखी होकर साथी आढ़तियों और मंडी वासियों के साथ मिलकर उन्होंने डीएसपी मौड़ के कार्यालय के समीप धरना लगाया है। धरने की सूचना पर पहुंचे डीएसपी एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी पकड़ लिए जाएंगे। इसके बाद लोगों ने धरना समाप्त कर दिया। एसएसपी जे इलेनचेलियन का कहना है कि पुलिस तेजी से आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। पुलिस जल्दी ही पूरे मामले का सच सामने लाएगी।