होशियारपुर के टांडा उड़मुड़ में गांव जौड़ा के पास सोमवार सुबह कार सवार अज्ञात हमलावरों ने एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान नंगल फरीद गांव के निवासी परमिंदर सिंह काला पुत्र भुल्ला सिंह के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब 10 बजे की है, जब किसान काला अपने खेत की सिंचाई करने आया था। इसी दौरान सफेद रंग की कार में आए अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
जानकारी के अनुसार किसान को तीन गोली लगी और गंभीर हालत में उसे भोगपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे काला बकरा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रमुख कुलवंत सिंह हीर, डीएसपी टांडा राज कुमार, थाना प्रभारी बिक्रम सिंह समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मारे गए किसान की बेटी पिछले महीने कनाडा पढ़ने गई थी। उसकी पत्नी मनप्रीत कौर और बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाला बेटा अर्शदीप उसके साथ रहता था। पुलिस ने बेटे अर्शदीप सिंह के बयानों के आधार पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों को मौके से भागते हुए दूर से देखने वाले चश्मदीदों ने पुलिस को बताया कि दोनों हमलावर काले रंग के शीशे वाली आई 20 कार में आए थे।