पंजाब के कपूरथला में शनिवार को सुबह करीब 11.00 बजे बोलेरो लूटने की नीयत से एक ठेकेदार की हत्या कर दी गई। इसके बाद जिला कपूरथला की पुलिस ने एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख के नेतृत्व में तीन घंटे में कत्ल की गुत्थी को सुलझाने का दावा किया है। एसएसपी की कमान में गठित कई टीमों ने पंजाब में हाई अलर्ट के बाद कई जिलों में छापे मारकर तीन आरोपियों को वारदात में प्रयुक्त हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की एक टीम लूटी हुई गाड़ी को भी ला रही है। थाना सदर की पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर कत्ल का केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार कपूरथला-जालंधर रोड पर 30 वर्षीय बलविंदर सिंह निवासी गांव कोट धर्म चंद खुर्द जिला तरनतारन शनिवार सुबह लगभग 11 बजे अपनी लेबर की टीम के साथ जालंधर रोड पर गांव इब्बन के नजदीक कार्य कर रहा था।
अचानक उसकी गाड़ी के पास दो युवक हथियारों से लैस होकर आए और आते ही उस पर गोलियां चला दीं। समीप ही बलविंदर सिंह की टीम जो कार्य कर रही थी, वह बलविंदर सिंह की तरफ भागी। तब तक लुटेरे उसकी बोलेरो गाड़ी नंबर (पीबी46एजी1777) लेकर फरार हो गए। घायल बलविंदर सिंह को उसकी टीम के साथी किसी अन्य गाड़ी में सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचे। तब तक बलविंदर सिंह की मौत हो चुकी थी।
एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख ने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने खुद कमान संभालते हुए कई टीमों को विभिन्न जिले में छापे मारने के लिए भेजा। पुलिस टीम ने हरकिशन सिंह निवासी गांव ढपई, सुखविंदर सिंह निवासी गांव इब्बन और लवप्रीत सिंह निवासी गांव इब्बन को गिरफ्तार कर लिया है।
इन तीनों ने ही बोलेरो लूटने की नीयत से ठेकेदार बलविंदर सिंह की गोलियां मारकर हत्या की। इस घटना से पहले इन आरोपियों की गाड़ी का गांव ढपई में एक्सीडेंट हो गया। इस पर जब लोग इकट्ठे होकर इनको पीटने लगे तो ये तीनों पैदल ही वहां से भागकर गांव इब्बन की तरफ आ गए। वहां पर बलविंदर सिंह अपनी गाड़ी के पास खड़े होकर काम रहा था और गाड़ी की चाबी उसकी कमर पर लटक रही थी। इन लोगों ने गाड़ी लूटने की कोशिश की लेकिन चाबी बलविंदर की कमर पर लटके होने की वजह से इन लोगों ने गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी और गाड़ी लेकर फरार हो गए।
एसएसपी ने बताया कि मृतक के भाई गुरविंदर सिंह निवासी तरनतारन के बयान पर तीन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। गुरविंदर ने बताया कि बलविंदर सिंह की 2013 में शादी हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है।