पीएम मोदी के साथ रवनीत बिट्टू।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री बिट्टू ने प्रधानमंत्री मोदी को ऑपरेशन सिंदूर के सफलता पूर्ण पर उन्हें बधाई दी। साथ ही बिट्टू ने प्रधानमंत्री मोदी से पंजाब के मुद्दों पर चर्चा की, जिसमें पंजाब के किसानों को केंद्र सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने के लिए शुरू की गई योजनाओं का लाभ राज्य के जरूरतमंद किसानों को उपलब्ध कराने और पंजाब के सरहदी इलाकों के विकास के लिए नई परियोजनाओं पर चर्चा की। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पीएम से मुलाकात की फोटो भी साझा किए हैं।
इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री बिट्टू ने प्रधानमंत्री मोदी को अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब पर आधारित एक पुस्तक भेंट की। बिट्टू ने प्रधानमंत्री से पंजाब के अन्य मुद्दों पर जिसमें पंजाब में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए और नई रेल परियोजनाओं को लेकर भी उनके विभाग द्वारा किए जा रहे कार्य के बारे में विस्तार से बताया और आने वाले दिनों में पंजाब में जिन-जिन रेल परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा उनको लेकर भी विस्तार से जानकारी दी।
अकाल तख्त के जत्थेदार ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर दोबारा खोलने की अपील
अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गगरज ने भारत और पाकिस्तान सरकारों से श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में दोनों देशों के बीच संबंधों में जो सुधार देखने को मिल रहा है, उसके चलते कॉरिडोर को बंद रखने का कोई औचित्य नहीं बनता। जत्थेदार गगरज ने कहा कि दुनिया भर के सिख श्रद्धालु श्री दरबार साहिब, करतारपुर (नारोवाल, पाकिस्तान) जैसे पवित्र स्थलों के दर्शन की लगातार अरदास करते हैं। इस कॉरिडोर के खुलने के बाद हजारों श्रद्धालुओं को गुरु नानक देव जी की ऐतिहासिक धरती पर नतमस्तक होने का अवसर मिला है। जत्थेदार गगरज ने हालिया तनावों को कम करने में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नेताओं द्वारा निभाई गई संवेदनशील और परिपक्व भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को आज शांति, विकास और सहयोग की जरूरत है ना कि संघर्ष या युद्ध की।