फगवाड़ा के नजदीकी गांव मंढाली में एक प्रवासी मजदूर ने अपने मालिक का मामूली कहासुनी के बाद कथित तौर पर कत्ल कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने प्रवासी मजदूर तथा उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए फगवाड़ा के सिविल अस्पताल में रखवा दिया है।
मृतक दविंदर सिंह की पत्नी पलविंदर कौर ने आरोप लगाया कि उनके खेतों में काम करने वाला मजदूर शराब पीकर आया था। इसलिए उनके पति ने उसे थप्पड़ मार दिया। इस बात से गुस्सा हो कर उसने उनके पति का कत्ल कर दिया।
फगवाड़ा के सिविल अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डाक्टर ने बताया कि जब दविंदर सिंह को अस्पताल लाया गया तब उसकी मौत हो चुकी थी। मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस को सूचित कर दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।