पंजाब के फिरोजपुर में पुलिस ने नशे की बड़े खेप पकड़ी है। पुलिस ने कार सवार नशा तस्कर को गांव भंबा लंडा (सोढ़ी नगर) से 15 किलो चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
फिरोजपुर के थाना घल्लखुर्द पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रमेश कुमार वासी गांव मोहकम खां वाला के तौर पर हुई है। हाल में गोल्डन एन्क्लेव फिरोजपुर में रहता है। आरोपी के पास से 15 किलो 7 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। नशे की यह खेप पाकिस्तान बॉर्डर के रास्ते अलग-अलग पैकेट में पैक कर लाई गई है। आरोपी से कुल 15 पैकेट मिले हैं, जिन्हें पीले रंग के लिफाफों और लाल टेप से बांधा गया था।
डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल और एसएसपी भूपेंद्र सिंह सिद्धू ने बताया कि थाना घल्लखुर्द की पुलिस पार्टी गांव फिरोजशाह से पीछे गश्त कर रही थी। इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह को मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी रमेश कुमार बाहरी राज्यों से हेरोइन की खेप मंगवाकर आगे सप्लाई करता है। इस समय सफेद रंग की स्विफ्ट कार पर गांव भंबा लंडा की दाना मंडी में खड़ा है और ग्राहक का इंतजार कर रहा है। पुलिस ने बताई हुई जगह पर दबिश देकर आरोपी को काबू किया और तलाशी लेने पर उसके पास से 15 किलो सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई है।
डीआईजी ने बताया कि इसे रंगेहाथों पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। इसकी पल-पल की खबर खुफिया एजेंसी रख रही थी। इसका नेटवर्क खंगाला जा रहा है। इसके अन्य साथी भी जल्द काबू किए जाएंगे। आरोपी के खिलाफ पांच मामले दर्ज हैं और एक मामला दिल्ली क्राइम ब्रांच में दर्ज है। थाना घल्लखुर्द पुलिस ने आरोपी रमेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर, एसएसपी सिद्धू ने बताया कि इस साल आठ सौ मामले तस्करों के खिलाफ दर्ज किए हैं। 1032 आरोपी पकड़े हैं। इसके अलावा 141 किलो 386 ग्राम हेरोइन बरामद की है।