बठिंडा जेल में पुलिस ने की चेकिंग।
- फोटो : संवाद
पंजाब की बठिंडा जेल में पुलिस प्रशासन की तरफ से तलाशी अभियान चलाया गया। जेल में बंद कैदियों व बंदियों के बैरक की तलाशी ली गई। बठिंडी की हाई सिक्योरिटी जेल में कई खूंखार अपराधी बंद हैं, जिनमें से एक गैंगस्टर गोरू बच्चा भी है। तलाश की दौरान गैंगस्टर गोरू बच्चा से लोहे की रॉड मिली है। जेल में बंद गैंगस्टर से रॉड मिलने से पुलिस भी हैरान है। सवाल उठ रहे हैं कि नामी गैंगस्टर के पास यह रॉड पहुंची कैसे। फिलहाल पुलिस इसकी गहराई से जांच कर रही है।
बठिंडा जेल बंद गैंगस्टर गोरू बच्चा से चेकिंग के दौरान सोलर पाइप वाली रॉड बरामद हुई है। पुलिस ने उक्त रॉड और चेकिंग के दौरान मिले अन्य सामान को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। इसकी पुष्टि जिला पुलिस के एक अधिकारी ने कर दी है।
जानकारी के अनुसार पिछले समय से केंद्रीय जेल में बंद गैंगस्टर गोरू बच्चा के पास सोलर पाइप से बनी राॅड होने की सूचना जेल अधिकारियों के पास थी। सूत्र बताते हैं कि जेल प्रशासन ने उक्त गैंगस्टर से राॅड बरामद करने का प्रयास भी किया था, लेकिन उसने जेल प्रशासन के साथ पूरी तरह से बहसबाजी की थी। वहीं, सोमवार को जिला पुलिस की ओर से जब जेल में चेकिंग की गई तो गैंगस्टर गोरू बच्चा के पास से उक्त राॅड बरामद की गई। उससे राॅड के अलावा अन्य कुछ संदिग्ध सामान भी मिला है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। इसके बारे में अभी तक जेल प्रशासन या जिला पुलिस ने कोई भी अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की।
वहीं, जिला पुलिस के एक अधिकारी ने सूत्रों के जरिये पुष्टि करते हुए बताया कि उक्त गैंगस्टर से राॅड बरामद हुई है और इसके अलावा जो भी अन्य सामान बरामद हुआ है, उसको पुलिस ने कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। जेल प्रशासन द्वारा जिला पुलिस को एक पत्र लिखा जाएगा, जिसके बाद पुलिस द्वारा उक्त मामले में केस दर्ज किए जाने की पूरी संभावना जताई जा रही है। लुधियाना जिले से संबंधित गैंगस्टर गोरू बच्चा के खिलाफ विभिन्न तरह के आपराधिक केस दर्ज हैं, जिस के चलते वह हाई सुरक्षा वाली केंद्रीय जेल में बंद है।