पंजाब के मोगा में साइकिल की दुकान पर पेट्रोल बम से हमला हुआ है। मोगा के गांव माड़ी मुस्तफा में शनिवार देर शाम साइकिल व सेनेटरी सामान की दुकान पर बाइक सवार दो युवकों ने पेट्रोल बम फेंक दिया। हालांकि इस हमले में किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सूचना मिलते ही डीएसपी बाघापुराना समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान मालिक डिंपल बांसल के बयान के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गौरतलब है कि गांव माड़ी मुस्तफा में पिछले कुछ दिनों से लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले एक सुनार की दुकान और उससे पहले एक किराना स्टोर पर भी फायरिंग की घटनाएं हुई थीं।
डीएसपी बाघापुराना ने बताया कि शिकायतकर्ता डिंपल बांसल ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दी थी। वह अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी अचानक मोटरसाइकिल सवार दो युवक आए और उनकी दुकान पर पेट्रोल बम फेंककर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी मौके पहुंचकर घटना स्थल जायजा लिया। गांव में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।