भारत-पाकिस्तान में तनाव जैसे हालातों के बीच पठानकोट के मामून आर्मी कैंट से चार दिन पहले सेना का एक जवान अचानक लापता हो गया था। जवान के लापता होने के बाद पत्नी को मैसेज भी आया था। मैसेज पढ़ महिला के रौंगटे खड़े हो गए। मैसेज में सैनिक पति के किडनैप होने और फिरौती की मांग की गई थी। मैसेज मिलने के बाद घबराई पत्नी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी थी। लेकिन चार दिन से लापता सैनिक रविवार रात खुद ही आर्मी कैंप में लौट आया।
मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले सेना के जवान सलिंदर कुमार जैसे ही आर्मी कैंप में अपने क्वार्टर पहुंचा तो सेना ने उसे पूछताछ के लिए बुला लिया। सैन्य अधिकारी जवान सलिंदर कुमार से पूछताछ कर रहे हैं। मामून कैंट रहने वाली सैनिक की पत्नी अनुराधा ने थाना मामून पुलिस स्टेशन में सलिंदर के अगवा होने संबंधी रिपोर्ट लिखवाई थी।
महिला ने पुलिस को बताया था था कि वह अपने पति के साथ ही पठानकोट के मामून आर्मी कैंप में रहती है। 15 मई को उसका पति सलिंदर कुमार घर से सामान लेने निकले थे जो वापस नहीं आए। कुछ समय बाद उसे मैसेज आया कि तुम्हारे पति को अगवा कर लिया गया है हमें पैसे भेजो। अगवा करने वाले ने लाखों रुपये की फिरौती मांगी। इसके बाद थाना मामून कैंट पठानकोट की पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू की थी।
वहीं, थाना मामून प्रभारी प्रीति ने कहा कि उक्त सेना जवान बिना बताए अपने घर मध्य प्रदेश चला गया था। वह रविवार रात खुद ही पठानकोट आर्मी कैंप वापस आया है। ऐसे में यह सब ड्रामा क्यों रचा गया इसकी पुलिस जांच कर रही है। वहीं, उक्त जवान से अभी सेना पूछताछ कर रही है। पुलिस भी उससे पूछताछ करेगी। पुलिस के सामने पेश होने के बाद ही मामले का गंभीरता से पता चल पाएगा कि आखिर यह ड्रामा रचने की क्या वजह रही।
इसलिए रचा था किडनैपिंग का ड्रामा
वहीं, सूत्रों से पता चला है कि पैसों के चक्कर में सेना के जवान ने पूरा ड्रामा रचा था। क्योंकि जवान द्वारा शेयर मार्केट में भी पैसे लगाने की बात सामने आ रही है। यही वजह से की जवान ने खुद को अगवा करने की झूठी कहानी रची थी, हालांकि चार दिन बाद सैनिक खुद ही वापस लौट आया है।