चकनाचूर स्कूटी और मृतक बच्चे की फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद
पठानकोट के नेशनल हाईवे-44 पर दर्दनाक सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज की बस ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
सुजानपुर पुलिस को दी गई शिकायत में बधानी निवासी सुरिंदर कुमार ने बताया कि होली वाली दोपहर करीब 12:30 बजे उनका दामाद अजय कुमार, बेटी रेखा देवी और उनका नाती आरव शर्मा स्कूटी पर सुजानपुर की ओर जा रहे थे। जब वे कट से सड़क पार कर रहे थे, तब जम्मू-कश्मीर की ओर से आ रही हरियाणा रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और सभी सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निजी अस्पताल मलिकपुर में भर्ती कराया गया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के कारण नन्हे आरव शर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। अजय कुमार की एक टांग काटनी पड़ी, जबकि रेखा देवी की दोनों टांगें और कूल्हे की हड्डी टूट गई हैं।
बस चालक विनोद कुमार, निवासी सोनीपत हरियाणा, मौके से फरार हो गया। सुजानपुर थाना पुलिस ने एएसआई पवन कुमार की देखरेख में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।