मोहाली के आईटी सिटी थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की टक्कर से 25 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक की मां के बयान पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में फेज-11 मोहाली निवासी भूपिंदर कौर ने बताया कि वह गांव झंजेड़ी स्थित जी-वर्ल्ड स्कूल में अध्यापिका हैं। उनका बेटा हरसाहिब सिंह (25) ने बी-टेक इंजीनियरिंग की थी। सात मार्च की शाम करीब सात बजे हरसाहिब सिंह यह कहकर घर से निकला था कि वह अपने दोस्तों के साथ जा रहा है, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा।
भूपिंदर कौर के मुताबिक रात करीब ढाई बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके बेटे का एक्सीडेंट हो गया है और उसे सोहाना अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वह बेटी चाहतप्रीत कौर के साथ अस्पताल पहुंचीं, जहां डॉक्टरों ने बताया कि हरसाहिब सिंह को मृत अवस्था में लाया गया था।
परिवार की ओर से की गई पड़ताल में सामने आया कि हादसे के समय हरसाहिब सिंह अपने दोस्तों के साथ था। जब वे घूमने के बाद वापस लौट रहे थे तो नयारा पेट्रोल पंप के सामने हरसाहिब सिंह कार से उतरकर सड़क पार बाथरूम के लिए गया। वापस लौटकर जब वह कार में बैठने लगा तो उसी समय तेज रफ्तार और लापरवाही से आए ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। ट्रैक्टर चालक गुरदमन सिंह निवासी गांव चिल्ला ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए हरसाहिब सिंह को कुचल दिया। हादसे के समय ट्रैक्टर पर हरमन सिंह और तरुण शर्मा भी सवार थे।
आईटी सिटी थाना पुलिस ने आरोपी गुरदमन सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 और 281 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।