फिरोजपुर के विधानसभा हलका जीरा के गांव भागोके (गुरुद्वारा गुरतेग बहादुर साहब) में फिरनी (रिंग रोड गांव का) की एक मरले जमीनी विवाद को लेकर गोली चलने से 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। गोली युवक के सीने में लगी है। जख्मियों को जीरा के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। उधर, सूचना मिलते ही पुलिस ने वारदात स्थल पर पहुंच अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
भाग प्रीत सिंह वासी भागोके ने बताया कि सोमवार की रात को आरोपी तेजधार हथियार और असलहे के साथ गांव की फिरनी पर पहुंचे। वहां पर उन्होंने गांव की फिरनी की ईंटें उखाड़ कर एक मरला जमीन को ट्रैक्टर से जोतकर अपने खेत के साथ मिला ली। गांव के लोगों के साथ गुरवीर सिंह (25) व कर्मनजोत सिंह(17) पुत्र गुरप्रीत सिंह वासी गांव भागोके भी वहां पर पहुंचे। आरोपियों को ऐसा करने के लिए रोका गया। आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौच करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते आरोपियों ने गोलियां चलाना शुरू कर दी। एक गोली कर्मनजोत सिंह के सीने में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गुरवीर सिंह समेत दो लोग जख्मी हो गए। गुरवीर की गर्दन पर गोली के छर्रे लगे हैं। आरोपी वारदात को अंजाम देकर वहां से फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसएचओ गुरप्रीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ वारदात स्थल पर पहुंचे। उन्होंने लोगों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, एसएचओ गुरप्रीत सिंह का कहना है कि उन्होंने शव कब्जे में लेकर जीरा के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचा दिया है। दो लोग जख्मी हुए हैं जिन्हें जीरा के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया है। पीड़ितों के बयान लेकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। यह मामला एक मरले जमीन का था जो खूनी विवाद में तब्दील हो गया।