पठानकोट में शुक्रवार रात जम्मूतवी से बरौनी जा रही मौर्यध्वज एक्सप्रेस ट्रेन में सवार जीआरपी के डीएसपी के गनमैन की पिस्टल से अचानक गोली चल गई। पिस्टल से निकली गोली ट्रेन में सवार एक यात्री के कंधे में लगी, जिससे यात्री घायल हो गया। गोली चलने की बात का पता चलने पर कोच में बैठे यात्रियों में दहशत फैल गई। घायल को लुधियाना के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां उसकी स्थिति खतरे के बाहर बताई जा रही है। यह हादसा पठानकोट से करीब पंद्रह किलोमीटर दूर कंदरोड़ी रेलवे स्टेशन के पास हुआ।
बताया जा रहा है कि जीआरपी डीएसपी का गनमैन ट्रेन में सफर कर रहा था। तभी अचानक उसकी पिस्टल नीचे गिर गई और गोली चल गई। इससे एक यात्री घायल हो गया। मामले को लेकर जब जीआरपी थाना पठानकोट के प्रभारी गुरदर्शन सिंह से बात की तो उनका कहना था कि डीएसपी के गनमैन सविंद्रपाल सिंह की पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गलती से चली गोली के कारण ट्रेन में सवार एक यात्री घायल हुआ है। घायल का लुधियाना के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्थिति खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि जांच चल रही है। फिलहाल, अभी किसी किस्म की कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
चार साल पहले भी हुआ था हादसा
करीब चार साल पहले पठानकोट थाना में तैनात हवलदार मलूक सिंह की कार्रबाइन हाथ से छूट गई थी और गोली चल गई थी। इसमें एक जवान घायल हुआ था।