किसानों ने मौड चौक में लगाया नड्डा के खिलाफ धरना
भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का विरोध किया और मौड चौक पर धरना लगा दिया। किसान नेता शिंगारा सिंह का कहना है कि केंद्र सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। किसानों के विरोध के चलते पुलिस प्रशासन ने नड्डा का रूट डायवर्ट कर रैली स्थल तक पहुंचाया।
प्रधानमंत्री ने देश की बढ़ाई सुरक्षा: नड्डा
जेपी नड्डा ने कहा कि दुनिया के कई देश आज भी आतंकी घटनाओं से जूझ रहे हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सीमाओं की सुरक्षा बढ़ाकर देशवासियों को सुरक्षित किया है। नड्डा मंगलवार को विधानसभा हलका बल्लूआना से उम्मीदवार वंदना सांगवान के समर्थन में गांव सीतो गुन्नों की दाना मंडी में जनसभा की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आठ साल के कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 करोड़ 42 लाख लोगों को मकान बनाकर दिए। आजादी के बाद से आज तक अंधेरे में डूबे रहने वाले 18 हजार गांवों तक बिजली पहुंचाने का कार्य किया है। देश के 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये तक फ्री इलाज की सुविधा दी है, जिसमें 45 लाख लोग पंजाब के हैं।
पारिवारिक और क्षेत्रीय दलों ने पंजाब को मुश्किल में डाला
जेपी नड्डा ने फिरोजपुर रैली में कहा कि राज्य के सर्वपक्षीय विकास के लिए पंजाब के लोगों को परिवारवाद और क्षेत्रीय दलों के चंगुल से निकलना होगा। इन दलों ने पंजाब को मुश्किल में डाला है। जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा की सोच गरीब, पीड़ित, शोषित और अंतिम कड़ी में खड़े लोगों को मुख्य धारा में शामिल करने की है। पार्टी का नारा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास है। पहले देश के ज्यादातर लोगों के बैंकों में खाते नहीं थे और न ही उनके पास खाता खुलवाने के पैसे थे। केंद्र सरकार ने जनधन योजना के तहत जीरो बैलेंस में खाता खुलवाने का काम शुरू किया। कोरोना काल में महिलाओं को तीन महीने लगातार 500 -500 रुपये की सहायता दी।