जालंधर के मशहूर कुल्हड़ पिज्जा कपल।
- फोटो : सोशल मीडिया
आए दिन सुर्खियों में रहने वाले जालंधर के कुल्हड़ पिज्जा दंपती की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार रात शरारती तत्वों ने कपल की कार पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए। इतना ही नहीं, कार पर कई बार लातें भी मारी गई। वेस्ट हलके के उजाला नगर में हुई इस घटना में पहले ईंट मारकर ड्राइवर साइड का शीशा तोड़ा गया, फिर लात मारकर कार पर डेंट लगा दिए गए।
घटना की सूचना कुल्हड़ पिज्जा कपल ने पुलिस कंट्रोल रूम में दी तो सिटी पुलिस ने मामले में सहज के बयान दर्ज किए हैं। घटना स्थल के आसपास कोई सीसीटीवी नहीं लगा था। पुलिस घटना से थोड़ी दूर लगे सीसीटीवी चेक कर रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।
उधर, इस घटना के बारे में सहज अरोड़ा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर जानकारी साझा की है। सहज ने लाइव होकर कहा कि अगर किसी की हमसे कोई दुश्मनी है तो समझ में आता है, लेकिन क्या कार से किसी की दुश्मनी थी। गली में और भी गाड़ियां खड़ी थीं, लेकिन सिर्फ मेरी कार को नुकसान पहुंचाया गया।
कपल का हुआ था अश्लील वीडियो वायरल
बता दें कि बीते साल कुल्हड़ पीजा कपल का एक अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। कपल की वीडियो वायरल होने के बाद से वह काफी विवादों में रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में एक युवती को गिरफ्तार किया था, जिसने यह वीडियो वायरल किया था। वह युवती कपल के रेस्टोरेंट में पहले काम करती थी।