सीएम केजरीवाल की बेटी हर्षिता ने कहा कि उन्हें भाषण देना नहीं आता है लेकिन पंजाब के जोश ने उनमें जान भर दी है। वह अपने चाचा भगवंत मान के लिए वोट मांगने आई हैं। आम आदमी पार्टी ही बच्चों के लिए सोचती है। दिल्ली में हर बच्चे को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। पापा के लिए सियासत सेवा है। वह खुद भी देश में रहकर ही देश की सेवा करेंगी। भगवंत मान की मां हरपाल कौर ने भावुक अपील की। इस मौके पर भगवंत मान की बहन मनप्रीत कौर व संगरूर से प्रत्याशी नरिंदर कौर भराज ने संबोधित किया।
कांग्रेस से सीट छीनने की जोर अजमाइश
सांसद भगवंत मान की मां हरपाल कौर व बहन मनप्रीत कौर ने गले लगाया और जी आयां नूं से सुनीता केजरीवाल का स्वागत किया। भगवंत मान धूरी विस हलके से चुनाव मैदान में हैं और पार्टी का सीएम चेहरा हैं। सुनीता केजरीवाल के माध्यम से पार्टी ने कांग्रेस से उक्त सीट छीनने की जोर अजमाइश शुरू कर दी है। जानकार मानते हैं कि कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी के पंजाब दौरे से पहले महिलाओं को रिझाने के लिए आप ने दांव खेला है।
महिला मतदाताओं को साधने का प्रयास पार्टी ने सीएम की पत्नी सुनीता केजरीवाल के माध्यम से की है। सुनीता केजरीवाल व उनकी बेटी ने विपक्षी दलों पर निशाना नहीं साधा बल्कि आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। लेखा मावां धीआं दा समागम से सुनीता केजरीवाल ने महिलाओं को पार्टी के करीब लाने की कोशिश की। इस दौरान महिलाओं के प्रति पार्टी की सोच का प्रचार किया गया और भावुकता की डोर में बांधने की कोशिश की।
महिला सुरक्षा से लेकर आत्मनिर्भर बनाने की बात कही। सीएम की पत्नी ने कहा कि पंजाब गुरुओं, पीरों, वीरों व वीरांगनाओं की पवित्र भूमि है। इसी धरती से बदलाव की लहर उठती रही है। उन्होंने महिलाओं से अपील की है कि शत-प्रतिशत मतदान कर झाडू का बटन दबाएं। उनकी बेटी हर्षिता ने कहा कि चाचा भगवंत मान को वोट दें। सुनीता केजरीवाल के इस दौरे ने मालवा की सियासत को गरमा दिया है। आने वाले दिनों में मालवा में अन्य दलों के दिग्गज चुनाव प्रचार करते दिखेंगे लेकिन सियासत का ऊंट किस करवट बैठेगा यह आने वाला वक्त तय करेगा।