अमृतसर। छेहरटा इलाके में कुछ लोगों द्वारा किए हमले में जख्मी हुए युवक गुरिंदर सिंह की शुक्रवार को अस्पताल में मौत हो गई। इलाके में नशे का विरोध करने पर युवक ने अपने कुछ साथियों के साथ तेजधार हथियारों और ईंटों के साथ मंगलवार को आप विधायक के घर से कुछ ही दूरी पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। छेहरटा पुलिस ने हत्या प्रयास के मामले को हत्या में तब्दील करते हुए आरोपियों की पहचान अमृतपाल सिंह उर्फ किन्नू, उसकी पत्नी, मां निर्मल कौर और पिता सविंदर सिंह के रूप में बताई है।
खूह भंगालियां की गली नंबर तीन में रहने वाली कोमल ने बताया कि उनके दो भाई गुरिंदर और जतिंदर मेहनत मजदूरी करते हैं। गुरिंदर के तीन बेटे और एक बेटी है। जबकि जतिंदर कुंवारा है। कोमल ने आरोप लगाया कि इलाके में रहने वाले अमृतपाल उर्फ किन्नू हेरोइन का कारोबार करता है। जबकि उनका परिवार नशा बेचने को लेकर कई बार विरोध कर चुका है। अमृतपाल सिंह उनके परिवार से इस बात की रंजिश रखता है। मंगलवार रात उनके भाई गुरिंदर और जतिंदर बच्चे को बाइक पर लेकर घर से बाहर निकले थे। रास्ते में आरोपी अमृतपाल सिंह ने अपने परिवार के साथ दातर, लोहे की रॉड के साथ दोनों भाइयों पर हमला कर बुरी तरह से पीटा। दोनों भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गए। कोमल ने आरोप लगाया कि आरोपयों ने ईंटों से गुरिंदर सिंह के सिर पर कई वार किए और वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। लोगों ने उनके दोनों भाइयों को पास के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां शुक्रवार को गुरिंदर की मौत हो गई।
मीडिया से मिली जानकारी : विधायक
आम आदमी पार्टी के विधायक डा. जसबीर सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। मीडिया के मार्फत ही उन्हें जानकारी मिली है। इस बाबत पुलिस से जानकारी ले रहे हैं।
इलाके में बिकने वाले नशे की रोकथाम के लिए वह पुलिस कमिश्नर से बात करेंगे। अपने स्तर पर नशे को रोकने के लिए कमेटियों का गठन भी करेंगे।