संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। सड़क पर बिना कारण गालियां निकालने और पुलिस के साथ भी हाथापाई करने के आरोप में थाना मजीठा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया है। आरोपी का नाम साजन सिंह और गांव तेजा का रहने वाला है।
थाना मजीठा के प्रभारी पलविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी साजन सिंह रविवार की देर रात मजीठा रोड पर काफी शोर शराबा मचा रहा था। जब लोगों ने उसे रोकना चाहा तो उसने गाली गलौज शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस के कंट्रोल रूम पर जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोपी ने पुलिस कर्मियों के साथ भी गाली गलौज किया और मारपीट करने लगा। पुलिस ने किसी तरह उसे काबू करना चाहा तो साजन ने एक पुलिसकर्मी की वर्दी भी फाड़ दी और भाग गया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने आरोपी का पीछा कर उसे पकड़ लिया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर बनती कार्रवाई की जा रही है।