तरनतारन। पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पाकिस्तान सीमा से दो ड्रोन पंजाब के खालड़ा सेक्टर में शनिवार तड़के 4 बजे के करीब दिखाए दिए। मुस्तैद रूप से तैनात सीमा सुरक्षा बल तथा पंजाब पुलिस ने लगभग 50 के करीब फायर किए। इसके बाद दोनों ड्रोन पाकिस्तान की सरहद की तरफ चले गए।
फिलहाल, इस बात की सीमा-सुरक्षा बल तथा पंजाब पुलिस ने किसी प्रकार से अधिकारिक बयान जारी नहीं किया। जबकि, कभी भी इस पूरे प्रकरण पर विभाग अपना लिखित बयान जारी कर सकता है।
अधिक जानकारी के मुताबिक, जिला तरनतारन के अधीन क्षेत्र खालड़ा सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल तथा पंजाब पुलिस के जांबाज कर्मियों का कड़ा पहरा चल रहा था। आसमान से हर गतिविधि पर अत्याधुनिक संयंत्र के माध्यम से पैनी नजर रखी जा रही थी। सुबह तड़के चार बजे पाक की तरफ से दो ड्रोन हिंदुस्तान की सीमा में दिखाई दिए। कड़ी कार्रवाई करते हुए भारत के सुरक्षा बलों तथा पुलिस ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद ड्रोन वापस अपने क्षेत्र (पाक) में चले गए।
गौरतलब है कि दो दिन पहले सुरक्षा बलों ने फिरोजपुर क्षेत्र के सरहदी जगह पर पाक के तीन तस्करों द्वारा भारत सीमा में घुसने के प्रयास को असफल करते हुए, उनके कुछ तस्करों को गोली से भून डाला था। जबकि, एक तस्कर पाक भागने में सफल रहा था। पाक की इन नापाक गतिविधियों के कारण सीमा सुरक्षा बल तथा पंजाब पुलिस तथा खुफिया एजेंसी सतर्क हो चुकी है।