अमृतसर। मजीठा के गांव अनैतपुरा में मंगलवार को गुज्जरों और गांव के कुछ युवकों के बीच रास्ता मांगने को लेकर हुई तकरार में चली गोली में दो गुज्जरों की मौत हो गई। गांव के लोगों की ओर से की गई गोलीबारी में कुछ लोगों के जख्मी होने की बात भी सामने आई है, जिन्हें अस्पताल में दाखिल करवा दिया गया है। मजीठा थाना की पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने संबंधी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को गुज्जर सुरमदीन चारा लेकर मजीठा के गांव अनैतपुर के पास से निकल रहे थे, कि गांव के कुछ लड़कों ने रास्ता रोक लिया। जब उनसे रास्ता देने को कहा तो उन्होंने ट्राली में सवार लड़कियों के साथ गाली गलौज शुरू कर दिया। गुज्जर सुरमदीन अपने डेरे पर वापस आ गया तो युवकों ने नहर के किनारे खड़ी पराली को आग लगा दी। जब आग लगाने का कारण पूछा तो वे युवक गांव के और लोगों को साथ ले आए। लोगों के समझाने पर दोनों गुट अपने घरों को लौट गए।
लेकिन जमींदारों के लड़के कुछ देर बाद ही अपने साथियों को लेकर आ गए और गुज्जरों के डेरे पर हमला कर दिया। इस बीच ही जमींदारों के लड़कों में से किसी ने फायरिंग शुरू कर दी। इसमें गुज्जर सुरमदीन और अलीदीन की मौत हो गई, जबकि तेजधार हथियारों से किए हमले में सत्तू, बाघा, जाकिर, मखन व एक अन्य एमना नामक लड़की गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद गांव में स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि जिले से पुलिस बल मंगवाना पड़ा।
वहीं दूसरी तरफ इस झगड़े में मनजिंदर सिंह, हरजिंदर सिंह, निशान सिंह, गुरप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह को भी चोटें लगीं। इस दौरान डीएसपी रविंदर सिंह ने बताया कि इस पूरी घटना की जानकारी डीसी गुरप्रीत सिंह को दे दी गई है। वहीं सिविल सर्जन को फायरिंग में मारे गए दोनों शवों का जल्द से जल्द पोस्टमार्टम करने को कहा है, ताकि शव परिजनों को सौंप दिए जाएं। डीएसपी ने बताया कि इसमें जख्मी लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि इसमें आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।