अमृतसर। कमिश्नरेट पुलिस हत्या प्रयास के मामले में आरोपी को 24 घंटों के अंदर एक पिस्तौल और दो कारतूसों सहित गिरफ्तार किया है। वेरका थाने की पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
वेरका थाना प्रभारी एसआई सुखजीत सिंह को 20 मार्च को सूचना मिली कि वेरका के गुरु नानक नगर का जतिंदर सिंह उर्फ जज गोली लगने से जख्मी होने के बाद इलाज के लिए गुरु नानक देव अस्पताल में दाखिल हुआ है। पुलिस की ओर से जख्मी के साथ संपर्क किया तो उसने बताया कि मोहकमपुरा का शरणजीत सिंह उर्फ सन्नी अपने साथियों के साथ उस पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी सन्नी के विरुद्ध हत्या के प्रयास, असलहा एक्ट समेत कई अन्य धाराओं में केस दर्ज किया।
पुलिस कमिश्नर डा. सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि एफआईआर दर्ज किए जाने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को काबू कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल, 2 कारतूस और एक बिना नंबरी बाइक बरामद की है। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने के बाद उसके दूसरे साथियों सरबजीत सिंह उर्फ सब्बा, कालू, मद्दी और विजय को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।