संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। शहर की पॉश कालोनी रंजीत एवेन्यू के बी ब्लाक में वीरवार की सुबह किसी बात को लेकर दो गुटों में भिड़ंत हो गई। कोचिंग सेंटर के बाहर हुई भिड़ंत में एक युवक ने पिस्तौल से हवाई फायर शुरु कर दिए। रंजीत एवेन्यू थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आस-पास के पूरे इलाके में लगे सीसीटीवी की फुटेज लेने के बाद एक युवक की पहचान के बाद मामले में जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के मुताबिक रंजीत एवेन्यू बी ब्लाक स्थित एलेग्जोरा आइलेट्स कोचिंग सेंटर के बाहर आस सुबह किसी बात को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। आइलेट्स में कोचिंग लेने वाले इन युवकों के बीच हुई गाली-गलौच के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने पिस्तौल निकाल कर हवा में तीन फायर कर दिए। रंजीत एवेन्यू थाना के प्रभारी रोबिन हंस ने बताया कि एक युवक की पहचान जंडियाला गुरु के रहने वाले पारस के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि पूरे इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को लेकर खंगाला जा रहा है।
इस बीच एक युवक गौरव अमृत ने ट्वीट करके इसकी जानकारी जीडीपी पंजाब को दे दी। जिसके तुरंत बाद डीजीपी ने पुलिस कमिश्नर डा. सुखचैन सिंह गिल को मामले की जांच के बाद रिपोर्ट तलब कर ली। इसके बाद पुलिस ने रंजीत एवेन्यू के सभी ब्लाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी और बिना मकसद घूमने वाले कई युवकों को पकड़ कर पूछताछ भी की। सीपी डा. सुखचैन सिंह ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर शहर की सुरक्षा बढ़ाई गई है। रंजीत एवेन्जयू सहित अन्य इलाकों में जहां पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है, वहीं थाना प्रभारियों को अपने हलके में रोजाना नाकेबंदी कर वाहनों व अन्य चैकिंग करने की भी हिदायतें दी गई हैं।