अमृतसर के सुल्तानविंड रोड इलाके में एक युवक से मापीट कर तेजाब पिलाकर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने सोने के जेवर बनाने का काम करने वाले रोबिन वर्मा के साथ मारपीट करते हुए उस पर समय पर गहने तैयार नहीं करने के आरोप लगाते हुए वारदात को अंजाम दिया। हत्या का आरोप जसबीर उर्फ सोनू कंडा और उसके तीन अन्य साथियों पर है। एसीपी मंजीत सिंह ने बताया कि कंडा और उसके 3 साथियों पर बी डिवीजन थाना में केस दर्ज करके पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
सुल्तानविंड रोड पर रहने वाली मानसी ने बताया कि उनका पति रोबिन वर्मा जसबीर सिंह उर्फ सोनू कंडा के गहने बनाने का काम करता था। कंडा ने ही उन्हें किराये का घर दिलवाया था, जिसमें वह अपने पति और दो बच्चों के साथ रहती है। सोमवार देर रात आरोपी कंडा ने रोबिन को फोन कर धमकाया और गहने तैयार नहीं करने के बारे में पूछने लगा। उनके पति ने कंडा को कहा कि वह थक गया था और कल सुबह उनका काम पूरा करके दे देगा।
मानसी ने आरोप लगाया कि गहने बनाने में हुई देरी को लेकर कंडा भड़क गया और अपने 3 साथियों के साथ उनके घर में जबरदस्ती घुस आया। आरोपियों ने बच्चों के सामने उसके पति के साथ मारपीट और गाली गलौज करना शुरू कर दिया। इसके बाद विक्की कंडा ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके पति के मुंह में जबरदस्ती तेजाब डाल दिया। पति की हालत खराब होने पर आरोपी वहां से फरार हो गए।
एसीपी ईस्ट मनजीत सिंह ने बताया कि रोबिन का शव पोस्टमार्टम करवाने के लिए भेजा गया है। एक आरोपी की पहचान कर ली गई है जबकि उसके 3 अन्य साथियों की पहचान के लिए वारदात स्थल के आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लेकर खंगाली जा रही है। केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घर के ताले तोड़कर कीमती सामान भी ले गए आरोपी
मानसी ने बताया कि उसके और बच्चों के शोर मचाए जाने पर पड़ोसी उनके घर पहुंचे और उनके पति को श्री गुरु रामदास अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां रोबिन की मंगलवार सुबह मौत हो गई। उसने आरोप लगाया कि सोमवार को वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने मंगलवार सुबह उनके घर के ताले तोड़कर कीमती सामान भी चोरी कर लिया।