अमृतसर। अमृतसर की केंद्रीय जेल फताहपुर जेल में कुछ दिन पहले मारपीट का शिकार हवालाती की बुधवार को गुरु नानक देव अस्पताल में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने जेल अधिकारियों पर मारपीट के आरोप लगाते हुए जेल मंत्री को पत्र लिख उनके भाई की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। दूसरी तरफ जेल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट राजा नवदीप सिंह ने आरोपों को नकारते हुए हवालाती की कुछ दिन पहले अन्य हवालातियों के साथ मारपीट किए जाने की बात कही है।
अजनाला तहसील के गांव अदलीवाल निवासी सतनाम सिंह ने बताया कि तीन साल पहले उनके भाई दविंदर सिंह को स्पेशल टास्क फोर्स मोहाली ने हेरोइन तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। वे लोग उसकी जमानत की तैयारी कर रहे थे, इससे पहले ही 17 फरवरी को उन्हें जेल अधिकारियों से पता चला कि दविंदर सिंह के साथ कुछ अन्य कैदियों ने मारपीट कर जख्मी कर दिया है और उसे उपचार के लिए गुरु नानक देव अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
सतनाम सिंह ने बताया कि जब वे लोग अस्पताल पहुंचे तो पाया कि दविंदर के सिर पर गहरी चोट और टांग टूटी हुई थी। उन्होंने कहा कि घायल दविंदर ने उन्हें बताया था कि उसे कैदियों ने नहीं बल्कि जेल के अधिकारियों ने पीटा है। उसने मरने से पहले एक वीडियो वायरल कर जेल अधिकारियों की प्रताड़ना का जिक्र किया। वीडियो में उसने आरोप लगाया था कि जेल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट राजा नवदीप सिंह ने अपने तीन अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई की थी। मृतक हवालाती के भाई ने बताया कि उपचार के दौरान ही उनके भाई की अचानक मौत हो गई।
दूसरी तरफ जेल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट राजा नवदीप सिंह ने मृतक हवालाती के परिजनों की ओर से लगाए आरोपों को गलत करार देते हुए कहा कि 17 फरवरी को जेल में बंद अन्य कैदियों के साथ हुई मारपीट की घटना में दविंदर जख्मी हो गया था, जिसे जेल प्रशासन ने इलाज के लिए गुरु नानक देव अस्पताल में दाखिल करवाया गया था।
पीड़ित परिवार ने जेल मंत्री को लिखा पत्र
अजनाला तहसील के गांव अदलीवाल के सतनाम सिंह पुत्र सुखदेव सिंह ने जेल मंत्री को पत्र लिख अपने भाई की मौत के लिए डिप्टी जेल सुपरिंटेंडेंट के अलावा रणदीप राजा, समाइल ज्योति सहित अन्य को जिम्मेदार ठहराया है। इसमें उन्होंने कहा कि 17 फरवरी को उनके भाई का जेल में कुछ अन्य हवालातियों के साथ झगड़ा हुआ था, जिसमें समझौता हो गया था। उसके बाद जेल अधिकारियों ने कुछ हवालातियों के साथ मिल उनके भाई से मारपीट की, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। उन्होंने गुहार लगाते हुए जेल मंत्री से कहा कि उनके भाई की मौत के लिए जिम्मेवार जेल अधिकारियों सहित अन्य के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पीड़ित परिवार ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर लगाया धरना
केंद्रीय जेल में बंद हवालाती दविंदर सिंह के परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर धरना लगाया। दविंदर की मौत के बाद पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने की सूचना पर परिजन वहां पहुंच गए और केंद्रीय जेल के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।