संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी रघबीर सिंह ने कहा है कि उन्होंने निशान साहिब की पोशाक के रंग को बदलने के संबंध में कोई नया आदेश जारी नहीं किया है।
अकाल तख्त साहिब सचिवालय की ओर से जारी एक लिखित बयान में सिंह साहिब ज्ञानी रघबीर सिंह ने बताया है कि पिछले दिनों इंग्लैंड यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात कुछ सिंहों से हुई थी, जिन्होंने निशान साहिब की पोशाक के रंग के बारे में सवाल पूछे थे। इस संबंध में सिंह साहिब ज्ञानी रघबीर सिंह ने उन सिंहों से कहा था कि पंज सिंह साहिबानों ने निशान साहिब की पोशाक का रंग बदलने के संबंध में कोई नया या अलग निर्णय नहीं लिया है, बल्कि 1936 के पंथ-अनुमोदित सिख रहत मर्यादा में लिखा है कि निशान साहिब की वेशभूषा बसंती या सुरमई रंग की होनी चाहिए। इसी के चलते निशान साहिब का रंग सिख रीति मर्यादा के अनुसार तय किया गया है।
ज्ञानी रघबीर सिंह ने 15 जुलाई 2024 को पंज सिंह साहिबानों की बैठक में उन सिंहों को निशान साहिब की पोशाक के रंग के संबंध में संगत की ओर से व्यक्त की गई दुविधा को दूर करने के संबंध में जारी आदेश पत्र भी पढ़कर सुनाया है। ज्ञानी रघबीर सिंह ने कहा कि उनके संदर्भ में सच्चाई से हटकर फैलाई जा रही खबरें पूरी तरह से झूठी और भ्रामक हैं और संगत को सचेत रहना चाहिए।