अमृतसर। दो हैंड ग्रेनेड व दो पिस्तौलों के साथ तरनतारन रोड पर पिछले दिनों गिरफ्तार किए गए आतंकी रंजीत सिंह का चार दिनों का रिमांड खत्म होने पर शनिवार की शाम स्पेशल स्टेट आपरेशन सेल (एसएसओसी) के अधिकारियों ने उसे ड्यूटी मजिस्ट्रेट रमनदीप कौर की अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद रंजीत सिंह को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। रंजीत को आज अदालत में पेश किए जाने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में उसके समर्थक कचहरी परिसर में इकट्ठा हो गए। एसएसओसी अधिकारी रंजीत को मीडिया और उसके समर्थकों से बचा कर ले जाने के लिए बस कोर्ट कांपलेक्स की सीढ़ियों तक ले आए और पेशी के बाद उसे भारी सुरक्षा के बीच बस में बिठा कर ले गए।
जानकारी के मुताबिक ग्रेनेड और पिस्तौलों के साथ गिरफ्तार किए गए आतंकी रंजीत सिंह को हवाला के जरिए इंग्लैंड से 10 लाख रुपये की फंडिंग होनी थी। जिसकी मदद से रंजीत ने ग्रेनेड हमले की तैयारी और हमले के बाद छुपना था। ग्रेनेड फेंके जाने के बारे में उसे किसी मोबाइल नंबर से लोकेशन भेजी जानी थी। पूछताछ में यह सामने आया कि मोबाइल पर लोकेशन मिलने के बाद उसने यह ग्रेनेड किसी धार्मिक स्थल और सैन्य ठिकाने पर फेंकने थे।
एसएसओसी अधिकारी पता लगा रहे हैं कि रंजीत सिंह को 10 लाख रुपये की फंडिंग किसके जरिए की जानी थी। इसके लिए दो मनी एक्सचेंजरों सहित कई लोगों से पूछताछ की पर एसएसओसी को अभी तक इसमें कोई क्लू हाथ नहीं लगा। अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द इसमें किसी मनी एक्सचेंजर व कुछ अन्य लोगों की गिरफ्तारी हो जाएगी। दूसरी ओर आतंकी रंजीत सिंह को अदालत में पेश किए जाने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में निहंगों के भेस में रंजीत के समर्थक सुबह से ही जिला कचहरी परिसर में पहुंच गए। जैसे ही पुलिस आतंकी को लेकर कचहरी में पहुंची तो उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। इसे देखते हुए पुलिस ने वहां अतिरिक्त पुलिस मंगाई।