अमृतसर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित घरिंडा इलाके में एक पेट्रोल पंप पर कार सवार युवक ने पेट्रोल डलवाया और फिर पिस्तौल दिखाकर मुलाजिम से सात हजार रुपये लूटकर फरार हो गया। वीरवार देर रात हुई घटना के बाद पेट्रोल पंप के मालिक ने पुलिस की मदद से पीछा कर बराड़ गांव से कार बरामद कर ली।
कार की तलाशी में पुलिस ने डैश बोर्ड से मिले आधार कार्ड से लोपोके के बराड़ गांव के सदीप सिंह की पहचान करने के बाद केस दर्ज कर लिया है।
खुरमनियां गांव निवासी मनबीर सिंह ने घरिंडा थाने की पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने खुरमनियां जीटी रोड पर पेट्रोल पंप खोला है। वीरवार रात एक एसेंट कार उनके पंप पर आकर रुकी। उस कार की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी हुई थी। चालक ने सेल्स मैन को गाड़ी में दो हजार रुपये का पेट्रोल डालने को कहा। कार में पेट्रोल डालने के बाद सेल्स मैन ने पैसों की मांग की। कार चालक ने सेल्समैन पर पिस्तौल तान दी।
आरोपी ने सेल्स मैन से सात हजार रुपये लूट लिए और कार भगाकर ले गया। उन्होंने अपनी कार से आरोपी का पीछा किया और साथ ही पुलिस को भी घटना की जानकारी दी। करीब तीन घंटे बाद पुलिस की सहायता से कार को बराड़ गांव के खेतों से बरामद कर लिया। जांच अधिकारी आज्ञापाल सिंह ने बताया कि आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।