अमृतसर। सुल्तानविंड थाना की पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से एक पिस्तौल, 4 कारतूस और 40 हजार रुपये ड्रग मनी और 5 हजार नशीली गोलियां बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कार भी बरामद करने के बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस और असलहा एक्ट में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद दो दिनों के पुलिस रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक सुल्तानविंड थाने के एएसआई बलविंदर सिंह ने इलाके में नाकेबंदी कर रखी थी। इस दौरान एक तेज रफ्तार आल्टो कार आने पर उसने चालक को रुकने का इशारा किया। चालक नाकेबंदी के लिए लगा रखी बेरीकेडिंग को तोड़कर फरार हो गया। यह देख एएसआई बलविंदर सिंह ने तुरंत अपनी कार से कार चालक का पीछा किया और करीब दो किलोमीटर तक उसका पीछा करने के बाद उसे दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी कार चालक ने अपनी पहचान फतेह सिंह कालोनी निवासी प्रिंस जीत सिंह के रूप में बताई। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 5 हजार नशीली गोलियां, एक अवैध पिस्तौल, 4 कारतूस, 40 हजार रुपये ड्रग मनी और कार बरामद कर ली। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उसने डी फार्मेसी कर रखी है और जल्दी अमीर बनने के चक्कर में नशे की दलदल में फंस गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का केस दर्ज करने के बाद अदालत में पेश कर दिया, जहां न्यायिक अधिकारी ने आरोपी को 2 दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इसके संपर्क तलाशने में जुट गई है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस के आला अधिकारियों ने एएसआई बलविंदर सिंह के ड्यूटी के प्रति समर्पण और हौसले की सराहना करते हुए इस पुलिस अधिकारी को इनाम दिए जाने के लिए प्रस्ताव सरकार को भेजने का दावा भी किया।