पुलिस ने खासा इलाके में कार में घरिंडा जा रहे आरोपी को दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। घरिंडा थाने की पुलिस ने खासा इलाके में शनिवार की सायं होशियारपुर के तस्कर को दो किलो 800 ग्राम हेरोइन और अढ़ाई लाख रुपये ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया है। होशियारपुर जिला के सदर थानातंर्गत निवासी हेरोइन तस्कर बलजीत सिंह के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। एसएसपी देहाती सतिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी को रविवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेकर उसके अन्य संपर्कों का पता लगाया जाएगा।
सीमांत थाना घरिंडा की पुलिस शनिवार की सायं खासा के इलाके में मौजूद थी। संदिग्ध वाहनों की चैकिंग के दौरान सूचना मिली कि होशियारपुर निवासी बलजीत सिंह पुत्र बख्शीश सिंह नशे की तस्करी करता है। यह भी सूचना मिली कि आरोपी बलजीत सिंह इस समय हेरोइन और ड्रग मनी समेत एक सफेद रंग की आई-20 कार से घरिंडा की तरफ जा रहा है।
चैकिंग के दौरान सफेद रंग की आई 20 कार को रोक कर उसके चालक बलजीत सिंह को हिरासत में ले लिया। आरोपी के कब्जे में पुलिस ने दो किलो 800 ग्राम हेरोइन और अढ़ाई लाख रुपये ड्रग मनी बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी की कार और उसके एक मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया।
उन्होंने बताया कि मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि इसके अंदर पिछले दिनों के दौरान डिलीट डाटा और व्हाट्सएप कॉल का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन को खंगाल कर उसके अंदर नंबरों को ट्रैक कर रही है।