दुकानदारों को चेक देते डीसी तथा चेयरमैन।
- फोटो : संवाद
पंजाब के गुरदासपुर बीते महीने 10 जून को शहर के अमामवाड़ा चौक में आगजनी की घटना हुई थी। इस घटना में कई दुकानें जल राख हो गई थी। पीड़ित दुकानदारों को पंजाब सरकार की ओर से एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। सोमवार को वित्तीय सहायता के तौर पर राशि के चेक डिप्टी कमिश्नर विशेष सारंगल और चेयरमैन रमन बहल ने दुकानदारों को सौंपे।
डिप्टी कमिश्नर विशेष सारंगल ने बताया कि 10 जून को अमनमवाड़ा में सात दुकानदारों वरुण मल्होत्रा, राजीव कुमार, जगदीश राज, मोहित सरना, अशोक नाथ कौशल, गोपाल नाथ और पवन कुमार की दुकानों में आग लगा दी गई थी। जिला प्रशासन ने इन दुकानदारों को आर्थिक सहायता देने का मामला पंजाब सरकार को भेजा था। पंजाब सरकार ने इस मुश्किल घड़ी में दुकानदारों का हाथ थामते हुए उन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भेजी है, जिसके चेक आज पीड़ित दुकानदारों को सौंप दिए गए हैं। सभी दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों में शॉर्ट सर्किट से बचाव के इंतजाम रखें और दुकानों में अग्निशामक यंत्र भी रखें।
इस अवसर पर पंजाब हेल्थ सिस्टम कॉर्पोरेशन के चेयरमैन रमन बहल ने मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार और जिला प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने पीड़ित दुकानदारों को आर्थिक सहायता प्रदान की है। 10 जून को जब गुरदासपुर शहर के अमामवाड़ा चौक में इन सात दुकानों को भारी नुकसान हुआ तो वह मौके पर पहुंचे जहां उन्होंने दुकानदारों का दुख साझा किया और उन्हें आश्वासन दिया कि वे पंजाब सरकार से मुआवजे की मांग जरूर करेंगे। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री मान और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों से मिलकर अपने दुकानदार भाइयों की मदद करने की अपील की।
चेयरमैन रमन बहल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत पंजाब सरकार ने सात पीड़ित दुकानदारों वरुण मल्होत्रा, राजीव कुमार, जगदीश राज, मोहित सरना, अशोक नाथ कौशल, गोपाल नाथ और पवन कुमार को मुख्यमंत्री की ओर से राहत कोष से एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि के चेक सौंपे गए हैं।