अमृतसर/कनाडा। एसजीपीसी की ओर से विदेशों में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पवित्र स्वरूपों की छपाई संबंधी किए फैसले पर कार्रवाई शुरू कर दी है। इसे लेकर एसजीपीसी का एक प्रतिनिधिमंडल कनाडा में पहुंच चुका है और अलग-अलग गुरुद्वारा साहिबान के प्रबंधकों के साथ बैठकें कर रहा है। कनाडा प्रतिनिधिमंडल में एसजीपीसी के सीनियर उप प्रधान सुरजीत सिंह भिट्टेवड्ड, कार्यकारिणी सदस्य मिट्ठू सिंह काहनेके, सदस्य भाई राम सिंह और मित्र सचिव बलविंदर सिंह काहलवें शामिल हैं।
एसजीपीसी की प्रधान बीबी जागीर कौर के नेतृत्व में एक्टिंग कमेटी ने कनाडा, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया आदि देशों में श्री गुरु ग्रंथ साहब जी की छपाई करवाने का फैसला किया था। यह फैसला विदेशों से पहुंचने वाली संगतों की मांग पर लिया गया था। एसजीपीसी प्रधान ने एलान किया था कि अलग-अलग देशों में प्रिंटिंग प्रेस स्थापित कर मर्यादा के अनुसार श्री गुरु ग्रंथ साहब जी की छपाई की जाएगी। वहां के पड़ोसी देशों से सड़क मार्ग के रास्ते पवित्र स्वरूप पहुंचाए जाएंगे।
कनाडा गए प्रतिनिधिमंडल के नेता सुरजीत सिंह भिट्टेवड्ड ने फोन पर बताया कि कनाडा के बीसी के साथ संबंधित गुरुद्वारा साहिबान के प्रबंधकों के अलावा कैलगरी के गुरुद्वारा साहिबान में संगतों और गुरुद्वारा प्रबंधकों के साथ विचार विमर्श किया गया है। अब तक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सरी, गुरुद्वारा सिखों के दसवें गुरु गोबिंद सिंह जी कल्चर सोसायटी कैलगरी, गुरुद्वारा कलगीधर साहब ऐबसफोर्ट, गुरुद्वारा बाबा बंदा सिंह बहादुर ऐबसफोर्ट के प्रबंधकों के साथ बैठकें की गई। हर जगह से अच्छा रिसपांस मिल रहा है। मर्यादा के अनुसार पवित्र स्वरूपों की छपाई के लिए जरूरी सहूलतें और माहौल जरूरी है। इस पर हर पक्ष से विचार किया जा रहा है और प्रतिनिधिमंडल के कनाडा दौरे के दौरान की गई बैठकों की रिपोर्ट एसजीपीसी की प्रधान बीबी जागीर कौर को सौंपी जाएगी।