एसजीपीसी कार्यालय में अरदास करते सुखबीर बादल व अन्य।
- फोटो : AMRITSAR
अमृतसर। सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में विगत में हुई मंदभागी घटना के संबंध में एसजीपीसी की ओर से मंगलवार को पश्चताप समागम करवाया गया। श्री दरबार साहिब के साथ संबंधित गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हाल में पश्चाताप के तौर पर रखे गए श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। इस अवसर पर एसजीपीसी प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी और शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने गुरु साहिब के सामने हाजिरी भरी।
श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद हजूरी रागी जत्थे ने गुरुबानी कीर्तन किया और भाई गुरचरण सिंह ने पश्चाताप अरदास की। सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के अतिरिक्त ग्रंथी सिंह साहिब ज्ञानी जगतार सिंह ने संगत को पावन हुक्मनामा र्स्वण करवाया। इस अवसर पर एसजीपीसी प्रधान सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों को अपील की कि वे गुरुद्वारा साहिब के अंदर हर समय सेवादारों की हाजिरी यकीनी बनाएं, क्योंकि पंथ विरोधी ताकतें सिखों की भावनाओं के साथ खेल कर पंजाब के माहौल को खराब करने के प्रयास कर रहीं हैं। उन्होंने कहा कि बेअदबी मामलों में पंजाब की सरकार नाकाम रही है और इसका नतीजा है कि एसजीपीसी की तरफ से पिछले समय के दौरान पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द किए गए दोषियों को कोई भी सजा नहीं मिल सकी।
शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि सचखंड श्री हरमंदिर साहिब की घटना बेहद दुखी करने वाली है। उन्होंने कहा कि इससे चार दिन पहले यहीं पवित्र गुटका साहिब को क्षतिग्रस्त कर सरोवर में फेंका गया, एसजीपीसी आरोपी को पुलिस के हवाले करने के बाद भी उससे कोई सच सामने लाया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की बड़ी नाकामी है। उन्होंने बेअदबी के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार की नीयत पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि पंजाब सरकार की सिट से उन्हें बहुत ज्यादा उम्मीदें नहीं।
इस अवसर पर एक्टिंग कमेटी के सदस्य भाई हरजाप सिंह सुल्तानविंड, गुरदयाल सिंह गोरा, अमरजीत सिंह बंडाला, सदस्य सुरजीत सिंह भिट्टेवड्ड, एडवोकेट भगवंत सिंह सियालका, भाई मनजीत सिंह भूराकोहना, भाई गुरचरन सिंह ग्रेवाल, भाई राम सिंह, भाई अमरजीत सिंह चावला, बावा सिंह गुमानपुरा, भाई अमरजीत सिंह भयलाईपुर और गुरिंदरपाल सिंह रणिके सहित कई अन्य सदस्य मौजूद थे।