व्यापार और उद्योग को पूर्ण समर्थन और सहयोग का भरोसा देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने ढाई माह के कार्यकाल में उद्योगों के समर्थन में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। जिसके चलते संस्थागत टैक्स को खत्म कर उद्यमियों को 250 करोड़ रुपये से अधिक की राहत दी गई। उन्होंने उद्योगपतियों से पंजाब को आर्थिक रूप से मजबूत करने में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की अपील की और कहा कि वे बिना किसी भय के अपने उद्योगों का विस्तार करते हुए युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करें।
सरकार आने वाले दिनों में उद्योगपतियों की कई पुरानी मांगें पूरा करने और नए उद्योग शुरु करने की प्रक्रिया का सरलीकरण करेगी। पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले सप्ताह अमृतसर में अगले 10 एकड़ में कन्वेंशन सेंटर की आधारशिला रखी जाएगी।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने एक बार फिर क्रास बार्डर कारोबार बढ़ाने की जरूरत पर बल दिया। यह पंजाब के विकास का द्वार है। युवाओं का विदेश में पलायन रोकने के लिए उद्योगों का तेजी से विस्तार किए जाने की बात सिद्धू ने कही। उन्होंने मुफ्त बिजली दिए जाने के बजाय 24 घंटे बिजली उपलब्धता को सुनिश्चित बनाने की बात कही।
सांसद गुरजीत औजला ने कहा कि अमृतसर प्रफुल्लित होने पर पंजाब मजबूत होगा। पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री पंजाब चैप्टर के को-चेयर करण गिल्होत्रा ने मुख्यमंत्री का यहां पहुंचने पर स्वागत किया और कहा कि अमृतसर-लाहौर मार्ग खुलने से पंजाब में उद्योग मजबूत होगा।