अमृतसर में वाल्मीकि संगठनों ने किया प्रदर्शन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
अदाकार राणा जंग बहादुर की ओर से महर्षि वाल्मीकि के खिलाफ गलत शब्दों का उपयोग करने के विरोध में वाल्मीकि संगठनों ने गुरुवार को अमृतसर हॉल बाजार के बाहर रोष प्रदर्शन किया। करीब एक घंटा तक प्रदर्शनकारी सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। भगवान वाल्मीकि अंबेडकर कोर कमेटी की अगुवाई में छह से अधिक वाल्मीकि संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान मांग की कि राणा जंग बहादुर को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस परमिंदर सिंह भंडाल को प्रदर्शनकारियों ने राणा की गिरफ्तारी को लेकर ज्ञापन सौंपा। भंडार ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्दी ही राणा को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कोर कमेटी के नेता प्रदीप गब्बर ने कहा कि आरोपी राणा के खिलाफ अमृतसर में एफआईआर भी दर्ज हुई है बावजूद इसके आरोपी को पुलिस प्रशासन कथित राजनीतिक दबाव के कारण गिरफ्तार नहीं कर रही है। इसके चलते वाल्मीकि समुदाय में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि अभी तो उन्होंने सांकेतिक रूप में हाल गेट के बाहर धरना देकर सिर्फ यातायात जाम किया है। कार्रवाई न होने पर आने वाले समय में वाल्मीकि संगठनों के कार्यकर्ताओं को स्थाई रूप से चक्का जाम और धरना करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।