पूर्व कांग्रेस विधायक हरप्रताप सिंह अजनाला
- फोटो : फाइल
गैंगस्टरों का पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों को रंगदारी के लिए फोन कॉल आने का सिलसिला लगातार जारी है। अब अजनाला के पूर्व कांग्रेस विधायक हरप्रताप सिंह अजनाला को सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में प्रोडक्शन वारंट पर चल रहे लारेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे ने रंगदारी के लिए धमकी दी है। अजनाला ने इसकी जानकारी अमृतसर देहात पुलिस को दे दी है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इससे दो दिन पहले ही पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई, जबकि इससे पहले अकाली दल के पूर्व विधायक अमरपाल सिंह बोनी को 2.5 लाख रुपये की रंगदारी देने के लिए गैंगस्टरों ने धमकाया था। पिछले 5 दिन में गैंगस्टरों ने पंजाब के तीन नेताओं को फोन काल कर उन्हें रंगदारी देने को कहा है।
कांग्रेस के पूर्व विधायक हरप्रताप सिंह अजनाला को लॉरेंस गैंग की ओर से रंगदारी के लिए व्हाट्सएप कॉल की गई। व्हाट्सएप कॉल करने वाले ने अपनी पहचान विक्की कोबरा के रूप में बताते हुए दावा किया कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा है। फोन करने वाले ने कहा कि अगर उसे जल्द पैसे न मिले तो उन्हें (अजनाला) गोली मार देगा। इसके बाद अजनाला ने पुलिस को इसकी शिकायत दी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इसमें लॉरेंस बिश्नोई और विक्की कोबरा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि इसे लेकर कोई भी अधिकारी अभी कुछ भी बताने को तैयार नहीं।