अमृतसर। प्रतिबंधित दवाओं का कारोबार करने वाले संदिग्ध दस कारोबारियों को कत्थूनंगल थाने की पुलिस ने नोटिस जारी किया है। इन कारोबारियों में एक फर्म लुधियाना की भी शामिल है। सोमवार को शाम कटरा शेर सिंह दवा मार्केट में छापा मारा और दवा विक्रेता विवेक महाजन की गिरफ्तारी के बाद नशीली दवा के धंधे में बड़े खुलासे होने की उम्मीद एसएसपी (देहाती) राकेश कौशल ने जताई है। आरोपी महाजन को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
कत्थूनंगल की पुलिस ने सेहत विभाग से ड्रग विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर सोमवार को कटरा शेर सिंह मार्केट में छापा मारा था। दवा विक्रेता विवेक महाजन की गिरफ्तारी के बाद दवा मार्केट में हड़कंप मचा हुआ है। विवेक महाजन कई दिनों से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी। महाजन से की गई पूछताछ में कई अन्य दुकानदारों के भी नाम मिले हैं, जो प्रतिबंधित दवाएं विवेक से लेकर यह दवाओं का गोरखधंधा कर रहे हैं।
कत्थूनंगल थाने की पुलिस ने मंगलवार शाम को विवेक महाजन को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 3 दिनों के रिमांड पर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने विवेक से पूछताछ के बाद दस अन्य दवा कारोबारियों को नोटिस जारी किया है। पुलिस ने इन दुकानदारों को अपनी दुकान के लिए खरीदी दवाओं के बिल और आगे उपभोक्ताओं को बेची दवाओं के बिल व अन्य रिकार्ड लेकर थाने में पहुंचने को कहा है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस की दहशत के चलते मंगलवार को कई दुकानें तो बंद दिखीं, जबकि कई दुकानदार अपनी दुकानों से ही नदारद रहे। एसएसपी राकेश कौशल ने बताया कि सारे मामले की जांच करवाई जा रही है।