अमृतसर। श्री दरबार साहिब में रोजाना लाखों रुपयों की बिजली खर्च होती है। बिजली बजट के लिए आज से पांच माह पहले एसजीपीसी ने सोलर प्लांट लगाने का फैसला लिया गया था। एसजीपीसी की प्रधान बीबी जागीर कौर ने मंगलवार को यह बात श्री दरबार साहिब में 525 किलोवाट सोलर प्लांट का उद्घाटन करने के बाद कही।
बीबी जागीर कौर ने कहा कि सोलर सिस्टम युनाइटेड सिख मिशन कैलिफोर्निया की ओर से लगाया है। एसजीपीसी ने इस प्लांट लगाए जाने की सेवा युनाइटेड सिख मिशन अमेरिका को दी थी, जिसे बहुत कम समय में तैयार कर लिया गया। इस प्लांट से एसजीपीसी और धर्म प्रचार समिति के मुख्य दफ्तर और सरायों की इमारतों को बिजली की पूर्ति होगी।
बीबी जागीर कौर ने कहा कि आज इसकी बड़ी जरूरत है कि प्राकृतिक संसाधनों का प्रयोग करके बिजली तैयार की जाए। आज के तकनीकी युग में यह कार्य बहुत आसान है, जिसे एसजीपीसी ने पहल के आधार पर शुरू किया।
उन्होंने बताया कि श्री दरबार साहिब के नजदीक इमारतों पर 500 किलोवाट के करीब प्लांट ही स्थापित हो सका है, जबकि बाकी अमृतसर के निकट गुरुद्वारा गुरुसर सतलानी साहब में लगाया जाएगा। इसकी कार्रवाई पूरी हो चुकी है और यह जल्द तैयार कर लिया जाएगा। गुरुद्वारा बीड़ बाबा बुड्डा साहिब और गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह में भी सौर ऊर्जा के प्लांट लगाने का कार्य चल रहा है। इस अवसर पर एसजीपीसी की प्रधान ने युनाइटेड सिख मिशन अमेरिका के चेयरमैन रछपाल सिंह ढींढसा और अन्य प्रतिनिधियों को सिरोपा देकर सम्मानित किया।