मारे गए युवक के बारे में नहीं मिली कोई जानकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी (फाइल फोटो)
सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में 18 दिसंबर को हो रहे रहरास के पाठ के दौरान बेअदबी करने की नीयत से जंगला लांघकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के निकट पहुंचने वाले युवक की अब तक कोई पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह गिल ने अपना और डीसीपी (कानून-व्यवस्था) का मोबाइल नंबर जारी कर लोगों से सहयोग की अपील की।
जानकारी के मुताबिक तीन दिन पहले बेअदबी के प्रयास में मारे गए युवक की पहचान के लिए शहर के करीब आधे हिस्से के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इस दौरान पुलिस ने शहर के होटल मालिकों और सराय मालिकों से संपर्क साधकर युवक की फोटो दिखा उसके एड्रेस व अन्य तथ्यों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. गिल ने मृतक की तस्वीर जारी की और लोगों से जानकारी मांगी है। युवक कांपलेक्स के सीसीटीवी कैमरों ने कैद हुआ था। पुलिस ने यही फोटो जारी की है। उन्होंने कहा कि दोषी के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्जकर लिया गया है। आरोपी की पहचान और उसके परिवार के संबंध में जानकारी हासिल करने के लिए आरोपी की फोटो को आम किया जा रहा है।
डॉ. गिल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर किसी ने उसे कहीं देखा हो या कोई उसके बारे में किसी भी तरह की जानकारी रखता है तो वह उनके मोबाइल नंबर 97811-30101 और 99157-01100 पर संपर्क कर सकता है। इसके अलावा डीसीपी (कानून व्यवस्था) परमिंदर सिंह भंडाल के मोबाइल नंबर 95524-00001 और एडीसीपी सिटी-3 हरपाल सिंह के मोबाइल नंबर 98760-19099 पर संपर्क कर जानकारी दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।