अमृतसर। बाबा बकाला तहसील की नाजिया बेगम के एक मरले के प्लाट पर कब्जा करने और उसके साथ गाली गलौच करने के मामले में अल्पसंख्यक आयोग ने हलका डीएसपी को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। बाबा बकाला तहसील के गांव कालेके निवासी नाजिया बेगम की सूचना के बाद वीरवार को अल्पसंख्यक आयोग सदस्य लाल हुसैन घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे थे।
नाजिया बेगम ने आयोग के सदस्य लाल हुसैन को दी शिकायत में बताया कि रइया स्थित दर्जियां वाली गली में उसका एक मरले का प्लाट है। पड़ोस के प्लाट का मालिक उसके प्लाट पर कब्जा करने की नीयत से उसकी जगह पर दीवार बनवाने लगा। उसने जब विरोध किया तो एक सादा कपड़ों में पहुंचे एक व्यक्ति ने खुद को रइया पुलिस चौकी का कर्मचारी बताते हुए उसके साथ गलत व्यवहार किया और थप्पड़ मारने की धमकियां भी दी।
आयोग के सदस्य लाल हुसैन रइया पहुंचे और मौके का दौरा कर जायजा लेने के बाद डीएसपी बाबा बकाला को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आयोग के सदस्य ने भ्रष्ट पुलिस कर्मचारी के खिलाफ बनती कार्रवाई करते हुए मामले की 7 दिनों में रिपोर्ट आयोग के समक्ष पेश करने को कहा।