कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश सोनी ने कहा कि अमृतसर के सरकारी मेडिकल कॉलेज का 16 करोड़ रुपये से कायाकल्प होगा। इसके लिए एक नई परियोजना बनाई गई है। उन्होंने मंगलवार को यह बात मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राजीव देवगन के साथ मेडिकल कॉलेज के लिए तैयार किए गए नए डिजाइनों का जायजा लेने के बाद कही।
सेानी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। मेन गेट से लेकर अंदर तक लैंडस्केपिंग और हॉर्टिकल्चर का काम किया जाएगा। कॉलेज के पार्कों को अच्छे तरीके से तैयार किया जाएगा। इस काम पर लगभग 5 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा कॉलेज के भीतरी ढांचे का भी 11 करोड़ रुपये से नवीनीकरण किया जाएगा।
सोनी ने बताया कि अमृतसर मेडिकल कॉलेज के साथ जुड़े अस्पताल गुरु नानक देव अस्पताल को निजी अस्पतालों से भी बेहतर बनाया जाएगा। इसमें मरीजों को हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कॉलेज में नया कैंसर इंस्टीट्यूट लगभग तैयार हो चुका है, जिसका बहुत जल्द उद्घाटन कर लोगों के लिए शुरू कर दिया जाएगा