अमृतसर। उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी ने कहा कि पंजाब के विकास में प्रवासी मजदूरों का बहुत महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वे शुक्रवार को फोकल प्वाइंट में विश्वकर्मा महाराज के जन्म दिवस में समागम में शामिल होने फोकल प्वाइंट पहुंचे थे। उन्होंने राष्ट्रीय बिहार मंच को रैन बसेरा बनाने के लिए 20 लाख रुपये देने का एलान किया। इस मौके पर राष्ट्रपति अवार्डी समाज सेविका डा. स्वराज ग्रोवर विशेष तौर पर पहुंची थी।
दोनों समागम मुख्य मेहमान के तौर पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री सोनी ने भगवान विश्वकर्मा दिवस पर श्रमिक वर्ग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जी पूरे ब्रह्मांड के शिल्पकार हुए। देश की तरक्की और औद्योगिक क्रांति लाने में विश्वकर्मा भाईचारे का बहुत बड़ा योगदान है। श्रमिक वर्ग की भलाई के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। सोनी ने राष्ट्रीय बिहार विकास मंच को मजदूरों के लिए रैन बसेरा बनाने के लिए 20 लाख रुपये देने का एलान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए स्किल डेवलपमेंट सेंटर खोले, जहां से युवा हुनर प्राप्त कर अपने पावों पर खड़े हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस दिन लोग अपने उद्योगों की साफ सफाई कर भगवान श्री विश्वकर्मा जी की पूजा कर उन्हें श्रद्धा से नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने श्रमिक भाईचारे को दिवाली का तोहफा देते हुए 3100-3100 रुपये दिए। इस मौके पर सोनी ने उत्तर प्रदेश कल्याण परिषद की सहायता से दिव्यांगों को बैसाखी और ट्राई साइकिल भेट की। राष्ट्रीय बिहार विकास मंच और उत्तर प्रदेश कल्याण परिषद ने उन्हें सम्मानित किया।