गुरदासपुर। केंद्रीय जेल गुरदासपुर में पुरानी रंजिश के चलते पांच हवालातियों ने दो पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस संबंधी थाना सिटी पुलिस ने पांच हवालातियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
एएसआई मोहन लाल ने बताया कि गुरप्रीत सिंह पुत्र दविंदर सिंह निवासी वार्ड नंबर 13 निकट बाबा विरसा सिंह गुरुद्वारा राजासांसी जिला अमृतसर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह तथा उसका दोस्त शुभम भंडारी असलहा एक्ट के तहत केंद्रीय जेल गुरदासपुर में बंद है। रविवार को सुबह साढ़े 7 बजे से साढ़े 11 बजे तक जेल खुली तथा वह दोनों जेल में ही बंद गुरुद्वारा बाबा बंदा सिंह बहादुर ग्राउंड में सब्जी व करियाना कंटीन पर जा रहे थे। जैसे ही वह बैरक नंबर 1 के सामने ग्राउंड में पहुंचे तो पहले से ही मौजूद अमृतपाल सिंह पुत्र हीरा सिंह निवासी नंगल, तरसेम सिंह पुत्र जगमोहन सिंह निवासी मोहल्ला जसलवंत सिंह (तरनतारन), गुरदीप सिंह पुत्र अजीत सिंह निवासी बाऊली इंद्रजीत सिंह बटाला, गुरसौरवजीत सिंह पुत्र गुरलालजीत सिंह निवासी हवेलिया और सुर्जन सिंह पुत्र इकबाल सिंह निवासी शामपुरा मौजूद थे। उन्होंने उन पर पीपे की पत्तियों बना कर वार किया और उन्हें घायल कर दिया।
जांच अधिकारी ने बताया कि इस संबंधी शिकायतकर्ता का मेडिकल करवा कर प्रिजन एक्ट तथा अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।