अमृतसर रामबाग पुलिस द्वारा पकड़ा गया फर्जी आईएफएस अधिकारी।
- फोटो : AMRITSAR
अमृतसर। रामबाग थाना पुलिस ने नकली आईएफएस (इंडियन फॉरेन सर्विसेज) अधिकारी को गिरफ्तार किया है। उससे लाल बत्ती लगी एक इनोवा कार, 4 पासपोर्ट व नकली पहचान पत्र भी बरामद हुआ है। आरोपी की पहचान तरनतारन रोड स्थित सेलिब्रेशन एनक्लेव निवासी कर्णिक वर्मा के रूप में हुई है। अदालत ने उसे छह दिन के रिमांड पर भेज दिया है। रामबाग थाना प्रभारी ने बताया कि बुधवार शाम संगम सिनेमा के पास नाकेबंदी कर रखी थी। उन्हें सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति खुद को नकली आईएफएस अधिकारी बताकर लोगों के जाली वीजे लगवाने का काम करता है। इस दौरान हरियाणा नंबर की एक इनोवा कार को रोका गया और चालक को हिरासत में ले लिया गया।
एमबीए पास है आरोपी, दे चुका है यूपीएसी की परीक्षा
पूछताछ में सामने आया कि 35 वर्षीय आरोपी एमबीए पास है और यूपीएससी की परीक्षा भी दे चुका है। इसके अलावा एक निजी बैंक में काम भी करता था। उसकी कार पर हरियाणा का नंबर लगा हुआ है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी लोगों को वीजा लगवाने का झांसा देता था। पूछताछ के बाद पता लगाया जाएगा कि वह अब तक कितने लोगों के साथ ठगी कर चुका है।